Mumbai: साइबर फ्रॉड मामले में पालघर पुलिस ने बचाए 38.21 लाख रुपये
साइबर अपराधियों पर शिकंजा, पालघर पुलिस ने 38.21 लाख रुपये होल्ड करा
मुंबई: पालघर जिले के घोलवड थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी 48.53 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गए। पीड़ित फेसबुक पर दिखे 'Quantum AI Platform' के फर्जी निवेश विज्ञापन के झांसे में आ गए। शुरुआत में आरोपियों ने मामूली मुनाफा दिलाकर विश्वास जीता और बाद में निवेश, प्रोसेसिंग व अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 48,53,209 रुपये जमा करा लिए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने घोलवड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद घोलवड पुलिस ने पालघर साइबर पुलिस की मदद से नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से संपर्क किया। त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी गई राशि में से 38,21,974 रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यायालय के आदेश के बाद होल्ड की गई राशि पीड़ित को लौटाने की प्रक्रिया की जाएगी।