Mumbai: दवा कारोबारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल 20 मई को

Update: 2026-05-19 05:00 GMT

मुंबई: अखिल भारतीय औषधि विक्रेता संगठन ने बुधवार, 20 मई 2026 को एक दिवसीय देशव्यापी बंद का एलान किया है। यह हड़ताल ऑनलाइन दवा विक्री के खिलाफ किया जा रहा है। मुंबई में मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए शासन- प्रशासन सतर्क हो गया है।

नागरिकों को जीवन रक्षक दवाओं की कमी न हो, इसके लिए खाद्य व औषधि प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सह आयुक्त (औषधि) व नियंत्रण प्राधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महाराष्ट्र राज्य, मुंबई के निर्देशानुसार जिले के सभी दवा विक्रेताओं, अस्पतालों से संलग्न दवा दुकानों और 24 घंटे शुरू रहने वाली दवा दुकानों से समन्वय साधा जा रहा है। आवश्यक दवाओं की आपूर्ति अवरुद्ध न हो, इसके लिए सभी संबंधितों को आवश्यक सूचनाएं दे दी गई हैं। साथ ही दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

निजी और गैर-सरकारी अस्पतालों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। मुंबई महानगर विभाग के हर उपविभाग में आवश्यक दवा दुकानें खुली रहें, इसके लिए प्रशासन प्रयत्नशील है। प्रशासन ने दवा विक्रेता संघ से अपील की है कि वे प्रस्तावित हड़ताल को सामाजिक बाध्यता और रोगी सेवा को ध्यान में रखते हुए वापस लें और जरूरतमंदों को निर्बाध दवा आपूर्ति होती रहे। प्रशासन ने लोगों से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। यदि दवा उपलब्धता में कोई दिक्कत आती है, तो खाद्य व औषधि प्रशासन कार्यालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी गई है। इसके लिए विभिन्न परिमंडलों के संपर्क अधिकारी और उनके नंबर भी जारी किए गए हैं।

Tags:    

Similar News