Mumbai.मुंबई: पुलिस ने गुरुवार को बताया कि लापता हुए 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी कर्मचारी का शव अरब सागर में मिला है। एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के मूल निवासी सुनील पचार पिछले साल नवंबर से मर्चेंट नेवी के एक जहाज पर अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे थे। सोमवार की रात वह जहाज के डेक पर सो गए और बाद में उनका पता नहीं चल पाया। अधिकारी ने बताया कि जहाज पर उनका पता न लगने पर उनके सहकर्मियों ने यहां येलो गेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को कुछ स्थानीय लोगों ने ससून डॉक इलाके में समुद्र में एक शव तैरता हुआ देखा और पुलिस को सूचना दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और दोपहर में शव बरामद किया तथा मृतक की पहचान पचार के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति की डूबने से मौत हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। अधिकारी ने बताया कि शव को आगे की जांच के लिए यहां सेंट जॉर्ज अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई में कोलाबा पुलिस ने दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है।