मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राऊत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उन्हें सहकारी बैंकिंग क्षेत्र पर केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह को पत्र लिखने के बजाय उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे से यह पूछना चाहिए कि ढाई वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के दौरान उद्धव ठाकरे ने क्या काम किया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बन ने कहा कि 25 वर्षों तक सांसद रहने के बावजूद संजय राऊत एक भी आर्थिक सहकारी संस्था शुरू नहीं कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि राऊत को सहकारिता के बारे में बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से देश में आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन लाया जा सकता है, लेकिन कांग्रेस को यह बात लंबे समय तक समझ में नहीं आई।

बन के अनुसार, देश में पहली बार अमित शाह के नेतृत्व में स्वतंत्र सहकारिता मंत्रालय की स्थापना हुई और उनके नेतृत्व में सहकारिता आंदोलन का देशभर में विस्तार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय राउत और उद्धव ठाकरे के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण महाराष्ट्र और मुंबई को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता देख रही है कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और सहकारिता के क्षेत्र में महाराष्ट्र देश का अग्रणी राज्य बना हुआ है। उन्होंने राउत के इस आरोप को भी खारिज किया कि महाराष्ट्र की योजनाओं और संसाधनों का लाभ गुजरात को दिया जा रहा है।

Tags: