मुंबई: महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव की गहमागहमी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने तीन नेताओं को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिंदे गुट के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ बगावत करने पर यह कार्रवाई की गई है।

अमरावती शिक्षक सीट महायुति गठबंधन के तहत शिवसेना (शिंदे गुट) के खाते में आई है, जहां से मौजूदा विधायक किरण सरनाईक को टिकट दिया गया है। इसके बावजूद भाजपा नेता चंद्रशेखर भोयर, संगीता शिंदे और सुमित पवार ने बागी तेवर दिखाते हुए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन वापसी के दिन भी जब इन तीनों नेताओं ने अपने नामांकन वापस नहीं लिए, तब पार्टी ने अनुशासनात्मक कदम उठाया।

भाजपा जिलाध्यक्ष और विधायक प्रताप अडसड ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर इन तीनों नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है। हालांकि निष्कासन के बाद भी ये तीनों नेता निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। इससे शिंदे गुट के अधिकृत उम्मीदवार किरण सरनाईक के सांमने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

Tags: