मुंबई: दिवाली से पहले महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाकर 105 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इस कार्रवाई की जद में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म जेप्टो, ब्लिंकिट और लोकप्रिय फूड चेन बिरयानी बाय किलो जैसे बड़े नाम भी आए हैं। इसके अलावा सात प्रतिष्ठानों को अपना कारोबार बंद करने का आदेश दिया गया है। अभियान के दौरान करीब 1.35 करोड़ रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री भी जब्त की गई है। महाराष्ट्र FDA ने 4 और 5 नवंबर को राज्य के विभिन्न जिलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया था। दिवाली के अवसर पर मिठाइयों, नमकीन, डेयरी उत्पादों और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और पैकेजिंग से संबंधित नियमों का उल्लंघन पाया गया।
विभाग की कार्रवाई में सबसे अधिक 39 लाइसेंस नासिक संभाग में निलंबित किए गए। मुंबई में 28, पुणे में 20, अमरावती में 15, छत्रपति संभाजीनगर में दो और ठाणे में एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया। इसके अलावा सात प्रतिष्ठानों को कारोबार बंद करने के निर्देश दिए गए। मुंबई में जेप्टो के वर्ली स्थित आउटलेट और ब्लिंकिट से संबंधित प्रतिष्ठान के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। बिरयानी बाय किलो, टॉसिन पिज्जा और जंबो बर्गर जैसे फूड आउटलेट्स पर भी कार्रवाई हुई है। यह कार्रवाई संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ है, इसे कंपनियों के सभी आउटलेट्स पर प्रतिबंध नहीं माना जाना चाहिए।
बोरीवली स्थित राजधानी बिरयानी सेंटर को खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के कारण कारोबार बंद करने का आदेश दिया गया। इसी तरह भिवंडी स्थित आराधना ड्राईफ्रूट स्वीट्स भी कार्रवाई की जद में आया। नागपुर में कामठी रोड स्थित डी-मार्ट आउटलेट से लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के मामले में रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया। दो दिवसीय अभियान के दौरान 70 से अधिक प्रतिष्ठानों से लगभग 39,485 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 1.35 करोड़ रुपये है। जब्त सामग्री में मावा, खोया, पनीर, घी, खाद्य तेल, नमकीन, सूखे मेवे और मिठाइयां शामिल हैं। इन उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर संदेह जताया गया है। पुणे संभाग में सबसे अधिक 49.36 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जब्त हुई। वहीं कोंकण संभाग में 32.52 लाख रुपये और नासिक संभाग में 28.35 लाख रुपये मूल्य के उत्पाद जब्त किए गए।
अभियान के दौरान प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला भी बरामद किया गया। तीन स्थानों से करीब 7.96 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित उत्पाद जब्त हुए। इन मामलों में तीन एफआईआर दर्ज की गईं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों से समझौता करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कारोबार छोटा हो या बड़ा, सभी को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। विभाग ने उपभोक्ताओं को भी त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। खाद्य पदार्थों की पैकिंग, एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता की जांच करना जरूरी है। FDA की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हलचल है।
Tags: