Maharashtra : रायगढ़ तट पर नाव पलटने के बाद लापता हुए 3 मछुआरों के शव बरामद
Maharashtra महाराष्ट्र : एक अधिकारी ने बताया कि दो दिन पहले महाराष्ट्र के रायगढ़ तट पर नाव पलटने के बाद लापता हुए तीन मछुआरों के शव सोमवार को खोज एवं बचाव दल ने बरामद कर लिए।
उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और तटरक्षक बल पिछले दो दिनों से तलाशी अभियान में लगे हुए थे और लापता लोगों का पता लगाने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया।
अधिकारी ने बताया कि शव दिघोड़े, सासवने और किहिम गाँवों के तट से बरामद किए गए।
आठ मछुआरों को ले जा रही एक नाव शनिवार को अरब सागर में पलट गई। उरण के करंजा से यह नाव अलीबाग के पास मछली पकड़ने गई थी। हालाँकि, भारी बारिश और खराब मौसम के कारण, यह पलट गई और डूबने लगी, जिससे मछुआरे खुद को बचाने के लिए पानी में कूद गए और तैरने लगे।