लंदन में 'महाराष्ट्र भवन', सरकार ने मंजूर किए 5 करोड़ रुपए : डिप्टी CM अजित पवार
MUMBAI मुंबई: लंदन में बसे मराठी समुदाय के लिए खुशखबरी है। महाराष्ट्र सरकार ने लंबित मांग को पूरा करते हुए लंदन के महाराष्ट्र मंडल के लिए 'महाराष्ट्र भवन' स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने इसके लिए 5 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से 'चर्च ऑफ इंग्लैंड' की इमारत खरीदी जाएगी और उसे महाराष्ट्र भवन में तब्दील किया जाएगा। गणेशोत्सव के शुभ अवसर पर यह निर्णय महाराष्ट्र मंडल, लंदन के सदस्यों के लिए अनमोल तोहफा साबित हुआ। मंडल ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आभार जताया। महाराष्ट्र मंडल, लंदन की स्थापना 1932 में महात्मा गांधी के निजी सचिव डॉ. एनसी केलकर ने की थी। यह संस्था लंदन और आसपास के क्षेत्रों में मराठी संस्कृति और सामाजिक आयोजनों को जीवित रखने का काम करती रही है।
बीते 93 वर्षों से मंडल किराए की इमारतों में कार्यक्रम आयोजित कर रहा था, लेकिन अब उन्हें स्थायी इमारत मिलने जा रही है। पिछले सप्ताह मंडल के प्रतिनिधियों ने पुणे में अजित पवार से आर्थिक सहायता की अपील की थी। पवार ने तुरंत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की स्वीकृति के बाद 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि को मंजूरी मिली। महाराष्ट्र भवन ना केवल मराठी समुदाय का सांस्कृतिक केंद्र बनेगा, बल्कि भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत करेगा। यहां मराठी साहित्य, नृत्य, संगीत, भाषा कक्षाएं, कार्यशालाएं और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।