Mumbai मुंबई। महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरी टीम और देशभर में जश्न का माहौल है। टीम की इस शानदार सफलता पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि “हर मैच कठिन था, लेकिन खिलाड़ियों ने जिस जज़्बे और अनुशासन के साथ खेला, उसने भारत को विश्व चैंपियन बना दिया। अमोल मजूमदार ने मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल जीतना और फिर दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में हराना बेहद कठिन चुनौती थी। हर मैच अलग तरह का दबाव लेकर आता है, लेकिन हमारी टीम ने आत्मविश्वास और रणनीति के साथ खेल दिखाया।”
उन्होंने कहा कि “टीम का माहौल बेहद खुशियों से भरा है। यह जीत सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे देश की है। मैदान पर जो समर्पण, अनुशासन और सामूहिक खेल दिखाया गया, वह भारत के महिला क्रिकेट के लिए नए युग की शुरुआत है। कोच मजूमदार ने कप्तान और पूरी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि “हमारे खिलाड़ी मानसिक रूप से बहुत मजबूत रहे। उन्होंने हर स्थिति में खुद को संभाला और विपक्ष को चुनौती दी। यही इस जीत की सबसे बड़ी कुंजी रही।”
इस मौके पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत पर पूरे देशभर में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व खिलाड़ियों ने भी सोशल मीडिया पर टीम को बधाई दी। मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, जयपुर और कोलकाता जैसे शहरों में क्रिकेट प्रशंसकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। विशेष रूप से इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर क्रिकेट जगत में बड़ी चर्चा हो रही है। टीम ने लीग स्टेज से लेकर नॉकआउट तक शानदार निरंतरता बनाए रखी। भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर बदला लिया और फिर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दबदबा बनाते हुए जीत हासिल की।
अमोल मजूमदार ने कहा, “इस जीत का श्रेय खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, टीम स्पिरिट और समर्थन स्टाफ को जाता है। हमारी कोशिश होगी कि यह सफलता भारतीय महिला क्रिकेट को नई दिशा दे। भारत की इस जीत के साथ महिला क्रिकेट में एक नया अध्याय जुड़ गया है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि यह जीत आने वाली पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी।
Tags: