पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के नेता माणिकराव गावित का निधन

Update: 2022-09-17 13:02 GMT
मुंबई : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता माणिकराव गावित (Manikrao Gavit) का शनिवार को महाराष्ट्र के नासिक जिले के एक अस्पताल में निधन (Passed Away) हो गया। वह 87 वर्ष के थे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। माणिकराव गावित के परिवार में उनकी बेटी निर्मला गावित और बेटा भरत हैं। नौ बार लोकसभा सदस्य रहे गावित ने 1980 से लेकर 2009 तक आदिवासी बहुल नंदुरबार संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव हार गए थे।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से टिकट नहीं मिलने पर गावित के बेटे भरत गावित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। माणिकराव गावित की बेटी निर्मला इगतपुरी क्षेत्र से दो बार कांग्रेस की ओर से विधायक रह चुकी हैं। बाद में निर्मला शिवसेना में शामिल हो गयी थीं। माणिकराव गावित ने 2004 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और 2013 में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया था।
युवा के रूप में अपना राजनीतिक कार्य शुरू किया
गौरतलब है कि माणिकराव गावित का जन्म एक गरीब आदिवासी परिवार में हुआ था। उनके पिता होदल्या बोंडा गावित गांव में खेती करते थे। इनके पिता एक गरीब खेतिहर मजदूर थे। जिसकी वजह से माणिकराव गावित का बचपन बहुत ही कठिनाइयों में गुजरा था। माणिकराव गावित ने नवापुर गांव और क्षेत्र में एक युवा के रूप में अपना राजनीतिक कार्य शुरू किया। वो लोगों के बीच वन श्रमिक समाजों में काम करने वाले कांग्रेस पार्टी के एक वफादार कार्यकर्ता के रूप में जाने थे। (इनपुट एजेंसी)

Similar News