Mumbai मुंबई: महाराष्ट्र के बीड जिले में अपनी प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद उसके घर में कथित तौर पर गोलीबारी करने के आरोप में 24 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह अंबेजोगाई में हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी गणेश पंडित चव्हाण अपनी प्रेमिका के घर में घुस गया और उसके साथ तीखी बहस करने लगा। जब उसके परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव किया तो उसने बंदूक निकाली और प्रेमिका के भाई पर गोली चला दी, जो गोली से बचने में कामयाब रहा। अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी के चार घंटे के भीतर चव्हाण को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके पास से हथियार और कुछ गोलियां जब्त की हैं।