Maharashtra महाराष्ट्र : नांदेड़ दौरे पर पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत ने किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी मिलने तक किसानों की आर्थिक परेशानियां खत्म नहीं होंगी। टिकैत ने दावा किया कि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें लगातार घाटा उठाना पड़ रहा है।
राकेश टिकैत ने कहा कि उनका किसान संगठन महाराष्ट्र में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। नांदेड़ के बाद वे अकोला सहित राज्य के अन्य जिलों का भी दौरा करेंगे, जहां किसानों के मुद्दों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन दौरों का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को समझना और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां किसानों की आत्महत्या के मामले सबसे अधिक सामने आते हैं। इसके पीछे प्रमुख कारण खेती की बढ़ती लागत, कम उत्पादन और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलना है। टिकैत ने कहा कि यह केवल महाराष्ट्र की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे देश के किसान इसी संकट का सामना कर रहे हैं।
किसान नेता ने कहा कि जब तक एमएसपी गारंटी कानून लागू नहीं किया जाएगा, तब तक किसानों को उनकी उपज का
लाभकारी
मूल्य नहीं मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में किसान अपनी फसलें मजबूरी में कम दाम पर बेचने को विवश हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
टिकैत ने किसानों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई उचित मूल्य, सम्मान और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और एमएसपी को कानूनी दर्जा देने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
Tags: