Maharashtra महाराष्ट्र: गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने शनिवार को घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति और कमर्शियल गैस पर केंद्र सरकार के हालिया निर्देशों को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि कमर्शियल उपयोग के लिए गैस की सप्लाई पर रोक के आदेश दिए गए हैं, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं को कोई कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
योगेश कदम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "गैस की आपूर्ति के संबंध में केंद्र सरकार के आदेश केवल कमर्शियल यूज पर लागू हैं। घरों के लिए गैस पूरी तरह से उपलब्ध रहेगी। आम नागरिक को पैनिक होने की जरूरत नहीं है।" उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस का विवेकपूर्ण उपयोग करें और बर्बादी से बचें।
मंत्री ने बताया कि मिडिल ईस्ट में युद्ध के बावजूद भारत की गैस आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी के अच्छे अंतरराष्ट्रीय संबंधों के कारण भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान मिला है, जिसका सीधा लाभ आम नागरिक को मिल रहा है।
योगेश कदम ने कहा, "मोदी सरकार के कारण ईरान के साथ अच्छे रिश्ते होने से तेल और गैस की आपूर्ति लगातार हो रही है। कल ही एक बड़ा तेल शिप भारत पहुंचा है।" उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी ने देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया है और उनके नेतृत्व में भारत की छवि मजबूत हुई है।
मंत्री ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि घरेलू गैस का इस्तेमाल सोच-समझकर करें, ताकि सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और देश की ऊर्जा सुरक्षा बनी रहे। इस बयान से यह स्पष्ट हुआ कि गृह उपयोग के लिए एलपीजी की उपलब्धता को प्राथमिकता दी गई है और जनता को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Tags: