नई दिल्ली: महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का निधन हो गया है। उन्होंने 72 साल की उम्र में दिल्ली स्थित एम्स में अंतिम सांस ली। रामराव सखाराम को शनिवार शाम को दिल्ली स्थित अपने आवास पर टहलते समय अचानक बेचैनी और सीने में दर्द महसूस हुआ। वो खुद ही एम्स पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान रविवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
रामराव वडकुते हिंगोली के कलमनुरी के रहने वाले थे और मराठवाड़ा में धनगर समाज के बड़े नेता थे। मार्च 2026 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाया और उन्होंने अप्रैल में शपथ ली। उनके कार्यकाल को अभी सिर्फ 7-8 महीने हुए थे। इससे पहले रामराव वडकुते अक्टूबर 2019 में एनसीपी छोड़कर भाजपा में आए थे। वह हिंगोली जिला अध्यक्ष, हिंगोली लोकसभा प्रभारी, जालना ग्रामीण जिला प्रभारी जैसे पद संभाल चुके थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे, एक बेटी, बहुएं और नाती-पोते हैं।
महाराष्ट्र के मंत्री नरहरी झिरवाल और विधान परिषद सदस्य महादेव जानकर ने वडकुते के निधन पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। नरहरी झिरवाल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "हिंगोली जिले के कलमनुरी के रहने वाले राज्यसभा सांसद रामरावजी वडकुटे का दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उनका जाना समाज और राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है और उनके जाने से जो रिक्तता आई है, उसे कभी भरा नहीं जा सकता। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें और उनके परिवार तथा सभी रिश्तेदारों को इस दुख को सहने की शक्ति दें, यही मेरी प्रार्थना है।"
विधान परिषद सदस्य महादेव जानकर ने एक्स पर पोस्ट किया कि दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से सांसद रामराव वडकुटे के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें और उनके परिवार, रिश्तेदारों तथा समर्थकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।