अनाया बांगर की क्रिकेट में वापसी की तैयारी मार्च 2027 से खेलेंगी महिला क्रिकेट
Mumbai मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट में वापसी की तैयारी कर रही हैं और मार्च 2027 से एलीट क्रिकेट खेलने का लक्ष्य रखा है। अनाया बांगर ने कहा कि कई वर्षों तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहने के बाद अब वह दोबारा इस खेल में लौटने के रास्ते पर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है और अब वह एक व्यवस्थित प्रक्रिया के तहत वापसी की तैयारी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह कोई स्वत: या अनौपचारिक प्रक्रिया नहीं थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने महिला खेलों में निष्पक्षता, प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन और समावेशिता को ध्यान में रखते हुए एक तय ढांचा बनाया है, जिसके तहत उनके मामले पर विचार किया गया। अनाया के मुताबिक, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की समीक्षा में उनकी मेडिकल हिस्ट्री, सर्जरी से जुड़ी जानकारी, हार्मोन और टेस्टोस्टेरोन स्तर, क्रिकेट पृष्ठभूमि, खेलने के वीडियो और खेल प्रदर्शन से जुड़े वैज्ञानिक आंकड़ों को शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में मैनचेस्टर मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट से जुड़े वैज्ञानिक और एथलेटिक प्रदर्शन संबंधी काम को भी ध्यान में रखा गया। अनाया ने कहा कि वह अब महिला क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने और उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लक्ष्य के साथ तैयारी कर रही हैं। उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को दोबारा आगे बढ़ाने को एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। संजय बांगर की बेटी अनाया पहले भी क्रिकेट से अपने जुड़ाव को लेकर चर्चा में रही हैं। अब उनकी नजर ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट के प्रतिस्पर्धी स्तर पर वापसी करने पर है।