Mumbai मुंबई: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता में बदलाव को लेकर भरोसा दिखाई दे रहा है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब राजनीतिक गतिविधियां और तेज होंगी। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार बनेगी, जबकि तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) सत्ता में लौटेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि अन्य राज्यों में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विशेष रूप से असम और केरल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन राज्यों में भी भाजपा की स्थिति मजबूत नहीं है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने उम्मीद जताई कि भारत निर्वाचन आयोग पूरे चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखेगा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि सभी मतदाताओं को सुरक्षित माहौल में बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिले।