रायसेन। अंकुर अभियान के तहत शुक्रवार को सम्पूर्ण रायसेन जिले में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करके हरियाली व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर स्थित पार्क में स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत बबलू मीणा तथा कलेक्टर अरविंद दुबे ने पौधारोपण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी नागरिक अंकुर अभियान में सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करें।
साथ ही पौधों की देखरेख और सुरक्षा भी करें, जिससे पौधे बड़े होकर वृक्ष का आकार ले सकें। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री, जिपं मीणा व कलेक्टर दुबे ने राष्ट्रीय ध्वज लहराकर सभी नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आदित्य रिछारिया, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर व एसपी ने किया पौधारोपण अंकुर अभियान के तहत संपूर्ण जिले में वृहद स्तर पर आयोजित किए गए पौधरोपण कार्यक्रम का कलेक्टर अरविंद दुबे तथा एसपी विकास शहवाल ने पुलिस लाइन रायसेन में पौधारोपण कर शुभारंभ किया। उन्होंने सभी नागरिकों से अंकुर अभियान में सहभागिता करते हुए पौधारोपण करने तथा वायुदूत एप पर पंजीयन करते हुए फोटो अपलोड करने की अपील की है। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान से तहत 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की भी अपील की। कार्यक्रम में एएसपी अमृत मीणा, जिपं सीईओ शर्मा, एसडीएम एलके खरे सहित अन्य अधिकारियों तथा पुलिसकर्मियों ने भी पौधारोपण किया।
एक दिन पांच हजार से अधिक पौधे लगाए
जिले भर में अंकुर अभियान के तहत शुक्रवार को अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के लोगों ने पौधारोपण किया है। जिला महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी दीपक संकत ने बताया कि एक दिन में पांच हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने बताया कि लक्ष्य करीब ढाई हजार पौधारोपण का था, लेकिन प्रशासन, जनप्रतिनिधियों व जनसंगठनों की अधिक रुचि के कारण पांच हजार से अधिक पौधे लगाकर लोगों ने अपने फोटो डाउनलोड किए हैं।
कुछ लोगों ने किया फर्जीवाड़ा
शासन की प्रत्येक व्यक्ति के पौधा रोपने के साथ ही तिरंगा के साथ फोटो अपलोड करने योजना लागू की है। परंतु कुछ लोग एक ही पौधे के पास खड़े होकर व तिरंगा लेकर फोटो अपलोड कर रहे हैं। शुक्रवार को जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान स्थित एक विभाग के परिसर में कुछ लोग इस तरह का फर्जीवाड़ा करते हुए नजर आए। एक ही पौधे के पास बारी- बारी खड़े होकर एक ही तिरंगा को लेकर फोटो खिचवाकर अपलोड कर रहे थे। कई स्थानों पर सिर्फ पौधों को हाथ लगाकर फोटो खिचवाया। कुछ स्थानों पर तो पौधों की जगह पेड़ों की टहनियां गड्ढे में लगाकर लोगों ने पौधारोपण करने का फर्जीवाड़ा किया है।