Narmadapuram नर्मदापुरम : जिले में भारी बारिश के बीच एक मज़दूर और उसका परिवार उस समय बाल-बाल बच गया जब उसकी झोपड़ी की दीवार अचानक गिर गई। यह घटना डोंगरवाड़ा गाँव में गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई।
शोर सुनकर घर में सो रहे परिवार के सदस्य जाग गए और उन्होंने अपनी जान बचा ली, लेकिन दीवार के नीचे रखा घरेलू सामान दब गया। इनमें एलईडी टीवी जैसी महंगी चीज़ें भी शामिल थीं। जानकारी के अनुसार, जिस चारपाई पर परिवार सो रहा था, वह दीवार से कुछ दूरी पर थी, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
पीड़ित मज़दूर सुभाष बनिया ने बताया कि घर में रखे बक्से, पलंग, एलईडी टीवी और कुर्सियाँ जैसे घरेलू सामान इस हादसे में दब गए, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच माखन कीर पीड़ित के घर पहुँचे और तहसीलदार को सूचित कर सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।