उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में बच्चा चोर की आशंका के चलते दो लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
शुक्रवार सुबह इंदौर रोड स्थित होटल के कर्मचारी मजदूर लेने गए थे। इसी दौरान बाइक सवार युवकों से टक्कर के बाद विवाद हुआ और अफवाह फैलते ही ग्रामीणों ने दोनों कर्मचारियों को घेरकर पीट दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि होटल मेघदूत में काम करने वाले लालसिंह पुत्र मानसिंह और शीष पुत्र अनिल नामदेव शुक्रवार सुबह होटल में मजदूरों की आवश्यकता होने पर कार से तपोभूमि के आगे मजदूर लेने के लिए निकले थे। इस दौरान उनकी कार और बाइक सवार दो युवकों की टक्कर हो गई। इसके बाद हुए विवाद में दोनों युवकों ने शोर मचाते हुए कर्मचारियों को बच्चा चोर बता दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और बिना सत्यता की जांच किए दोनों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने लाल सिंह और शीष के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों घायलों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है।