झाबुआ में ट्रेन रोकी, यात्रियों का ट्रैक पर प्रदर्शन

Update: 2026-07-23 12:00 GMT

मध्य प्रदेश: झाबुआ जिले के बामनिया रेलवे स्टेशन पर बुधवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुंबई डिवीजन में लगातार हो रही भारी बारिश और रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण बांद्रा जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस करीब 6 घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन के लंबे समय तक रुके रहने से नाराज यात्रियों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए।

यात्रियों का आरोप था कि उनकी ट्रेन घंटों से खड़ी है, जबकि दूसरी लोकल ट्रेनों को निकाला जा रहा है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जल्द ट्रेन रवाना करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्टेशन पर कुछ समय के लिए तनाव और अफरातफरी की स्थिति बन गई। रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को समझाने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, मुंबई डिवीजन में बुधवार सुबह से ही भारी बारिश का असर रेल यातायात पर पड़ा। कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण ट्रेनों की आवाजाही को नियंत्रित करना पड़ा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम एक्सप्रेस को बामनिया स्टेशन के अप ट्रैक पर रोक दिया गया।

यात्रियों के अनुसार, ट्रेन रात करीब 3 बजे से ही खड़ी थी और सुबह तक आगे नहीं बढ़ सकी। काफी समय बीत जाने के बाद भी ट्रेन के संचालन को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। इसके बाद कई यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और अपनी नाराजगी जताई।

यात्रियों ने कहा कि लंबी दूरी की ट्रेन होने के बावजूद उन्हें लगातार इंतजार करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि यदि मौसम की वजह से ट्रेन रोकी गई है तो रेलवे को यात्रियों को सही जानकारी देनी चाहिए थी। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि अन्य लोकल ट्रेनों को प्राथमिकता देकर चलाया जा रहा है, जबकि उनकी ट्रेन को लंबे समय तक रोककर रखा गया।

इस बीच अप ट्रैक पर पश्चिम एक्सप्रेस खड़ी होने के कारण रतलाम-दाहोद मेमू ट्रेन के संचालन में बदलाव किया गया। रेलवे ने मेमू ट्रेन को मुख्य लाइन यानी मैन लाइन से चलाने का फैसला लिया। अचानक हुए इस बदलाव के कारण स्टेशन पर यात्रियों को काफी परेशानी हुई। ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान कुछ समय के लिए भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मुंबई डिवीजन में भारी बारिश के चलते वडोदरा से मुंबई की ओर जाने वाले रेल मार्ग पर कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस रूट पर ट्रेनों का संचालन नियंत्रित किया जा रहा है। इसी कारण पश्चिम एक्सप्रेस को बामनिया स्टेशन पर रोका गया था।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुंबई क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण एहतियात के तौर पर ट्रेनों को नियंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि वडोदरा से अहमदाबाद के बीच रेल यातायात सामान्य है, लेकिन वडोदरा से मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों को सुरक्षा कारणों से रोका जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और कहा कि मौसम की स्थिति में सुधार के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की टीमें लगातार ट्रैक और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बारिश के मौसम में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव के कारण हर साल रेल सेवाएं प्रभावित होती हैं। इस बार भी भारी बारिश ने रेल यातायात को प्रभावित किया है, जिसका असर गुजरात और मध्य प्रदेश से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों पर पड़ा है। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने में जुटा हुआ है।

Tags:    

Similar News