महिला की हाे रही थी दूसरी शादी, पहले पति के चाचा शादी रूकवाने पहुंचे ताे हाे गया हंगामा, फिर...

इस घटना में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Update: 2021-12-14 07:59 GMT

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में एक मंदिर में दूल्हा दुल्हन फेरे ले रहे थे और बाहर जमकर लात-घूंसे चल रहे थे। इस घटना में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। असल में जिस लड़की की शादी हो रही थी, उसने कुछ समय पहले भागकर किसी अन्य युवक से शादी की थी। चूंकि उस समय लड़की नाबालिग थी जिससे लड़की पक्ष ने लड़के पर मामला दर्ज करवा कर उसे जेल भेज दिया था। तभी से लड़का जेल में ही है।

वहीं मंदिर में हो रही दूसरी शादी की भनक जेल में बंद लड़के के चाचा साहब सिंह परिहार को लग गई। इसके बाद वह मंदिर पहुंचा ओर लड़की पक्ष से अखिलेश के साथ हुई शादी को तोड़ने या उसे जेल से बाहर करवाने के बाद लड़की की दूसरी शादी करने की बात करने लगा। इसी बात से नाराज लड़की वालों ने साहब सिंह और उसके साथ आए लोगों की जमकर मारपीट शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार उप्र के झांसी जिले के डोंगरी गांव के रहने वाले अखिलेश परिहार का गांव की ही एक नाबालिग लड़की से अफेयर था। करीब सालभर पहले उसने लड़की के साथ भागकर शादी कर ली थी। लड़की वालों ने थाने में शिकायत दर्ज करवा दी थी। दोनों के गांव लौटते ही लड़की के नाबालिग होने के कारण अपहरण के मामले में लड़के को पुलिस ने जेल भेज दिया।अखिलेश 8 महीने से जेल में बंद है। लड़की वालों ने दूसरा लड़का देखकर बेटी की शादी तय कर दी। सोमवार को मंदिर पर गुपचुप तरीके से शादी हो रही थी तभी अखिलेश के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। वे दुल्हन को बहू और भाभी बताकर शादी रुकवाने पर अड़ गए। इसी बात पर दुल्हन के भाई और अखिलेश के भाइयों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मंदिर में फेरे चलते रहे और बाहर लात-घूंसे शुरू हो गए। शादी तो पूरी हो गई, लेकिन मारपीट खत्म नहीं हुई। आखिर मारपीट के बीच ही दुल्हन पति के साथ कार में रवाना हो गई।
लड़के के चाचा साहब सिंह परिहार का कहना है कि हमारा कहना था कि आपकी लड़की की शादी पहले हमारे लड़के से हुई है। ऐसे में दूसरी शादी से पहले पहली शादी को खत्म करो, तब दूसरी शादी करना या हमारे लड़के को जेल से छुड़वाओ। लेकिन उनका कहना था कि न शादी रुकेगी और न ही लड़के को छुड़वाएंगे। वहीं मंदिर में शादी करने आया वर पक्ष वधु को विदाकर अपने साथ ले गया। इधर करेरा पुलिस ने साहब सिंह परिहार की शिकायत पर मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Tags:    

Similar News

-->