विदिशा में वरिष्ठ नागरिक पर हमला, एनएचआरसी सदस्य प्रियंक कानूंगो ने मांगी सख्त कार्रवाई

Update: 2025-10-28 19:04 GMT
Vidisha (Madhya Pradesh) विदिशा (मध्य प्रदेश)। जिले में एक वरिष्ठ नागरिक और समाजसेवी पर हुए हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियंक कानूंगो ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि विदिशा में अधिवक्ता और जनसंघ-भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहे विमल प्रकाश तारण पर हमला न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है।
प्रियंक कानूंगो ने मंगलवार को कहा कि “विदिशा में हुई यह घटना अत्यंत चिंताजनक है। एक वरिष्ठ नागरिक और राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय व्यक्ति पर हमला कर उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया पर इस नीयत से फैलाया गया, जिससे समाज में वैमनस्य और विभाजन का माहौल बनाया जा सके।” उन्होंने इस मामले में प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, विमल प्रकाश तारण पर कुछ अज्ञात लोगों ने विवादित बयान को लेकर हमला किया था। घटना के बाद तारण को हल्की चोटें आईं, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एनएचआरसी सदस्य ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि “ऐसी घटनाएं न केवल एक व्यक्ति पर हमला हैं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी चोट हैं।”
इस बीच, स्थानीय भाजपा नेताओं और अधिवक्ता संघ ने भी घटना की निंदा की है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Tags:    

Similar News