मां की हत्या के लिए कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा: बेटे की करतूत से दहशत

Update: 2022-07-20 16:45 GMT

जबलपुर में रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक कहानी सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने पिता को जिंदा जला दिया। इस भयानक वारदात के बाद से यहां सनसनी फैल गई है। मृतक का नाम रामजी पटेल बताया जा रहा है। रामजी पटेल दिव्यांग थे। बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी मां पर भी हमला किया था पर वो किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रही।

घटना जबलपुर की है। 65 साल के रामजी पटेल सिरोह थाना क्षेत्र के दर्शनी गांव में अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे। सोमवार-मंगलवार की रात रामजी पटेल का छोटा बेटा आदेश शराब पीकर घर पहुंचा था। शराब के नशे में ही उसने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक, घर आने के बाद आदेश ने अपने दिव्यांग पिता से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पिता ने आदेश को पैसे देने से इनकार कर दिया। नाराज आदेश ने अपने पिता के साथ मारपीट की। लेकिन इसके बाद भी आदेश का कलेजा ठंडा नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि नाराज आदेश ने अपने दिव्यांग पिता को खटिया से बांध कर उन्हें जिंदा ही आग के हवाले कर दिया। रामजी पटेल की चीख सुनकर उनकी पत्नी कोरी बाई भी वहां आ गईं। लेकिन जब मां ने बीच बचाव किया तब आदेश कुल्हाड़ी लेकर उन्हें भी मारने के लिए दौड़ा। इसपर महिला अपनी जान बचाकर वहां से भाग गईं।

जब तक घर के अन्य सदस्य पहुंचते तब तक रामजी पटेल बुरी तरह जल चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी आदेश को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News

-->