Madhya Pradesh मध्यप्रदेश : खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में रविवार का दिन एक बार फिर नर्मदा नदी में हुए हादसों के नाम रहा। अलग-अलग घाटों पर हुई दो घटनाओं में चार युवक नदी में डूब गए।
स्थानीय नाविकों ने दो को बचा लिया, लेकिन एक युवक की मौत हो गई और एक अब भी लापता है। जिसकी तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, पहली घटना नर्मदा-कावेरी संगम घाट पर घटी, जहां महाराष्ट्र के मालेगांव (जिला नासिक) से आए कृष्णा पवार (32) अपने दो दोस्तों के साथ परिवार के सदस्य की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे थे। घाट पर पानी कम होने के कारण तीनों युवक नदी के गहरे पानी में चले और अचानक डूबने लगे।
कृष्णा पवार ने अपने दो दोस्तों को तो बचा लिया, लेकिन खुद वह नर्मदा नदी में डूब गए। स्थानीय नाविकों ने तुरंत दोनों युवकों को बाहर निकाल लिया, लेकिन कृष्णा डूब गए। घटनास्थल पर मौजूद गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। दूसरी घटना ओंकारेश्वर बांध के समीप ब्रह्मपुरी घाट पर हुई। जहां जयपुर के रहने वाले अनिल मीणा (25) स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए। इस दौरान वह डूबने लगे, लेकिन स्थानीय नाविकों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, अनिल जयपुर की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे और छुट्टियों में ओंकारेश्वर आए थे। उनकी आध्यात्मिक यात्रा आखिरी यात्रा बन गई।