मादक पदार्थों के खिलाफ मप्र पुलिस की मुहिम तेज, दो करोड़ से अधिक की जब्ती
मध्य प्रदेश में मादक पदार्थों की बड़ी बरामदगी, दो दिन में दो करोड़ से अधिक की जब्ती
भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में विगत दो दिनों में धार, रतलाम, खरगोन एवं सीधी जिलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गांजे के 2,083 हरे पौधे (कुल वजन 1,842.307 किलोग्राम) तथा 22 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
धार-तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 1,121 पौधे जब्त
पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि धार जिले के थाना टाण्डा पुलिस ने ग्राम पुरा में कपास के खेत से गांजे के 855 पौधे, वजन 900.77 किलोग्राम, कीमत 90 लाख 7 हजार 700 रुपये, जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं, थाना डही पुलिस ने ग्राम बोडगांव में खेत से 206 पौधे, वजन 406.74 किलोग्राम, कीमत 61 लाख 11 हजार रुपये, जब्त किए। इसी प्रकार थाना धामनोद पुलिस ने ग्राम कच्छवानिया के गिनावापुर में चम्पू पुत्र सखाराम के तुअर के खेत से गांजे के 60 पौधे, वजन 49.267 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये, जब्त किए।
इस प्रकार धार जिले के टाण्डा, डही एवं धामनोद पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 1,121 हरे पौधे, वजन 1,356.777 किलोग्राम, अनुमानित कीमत एक करोड़ 55 लाख 68 हजार 700 रुपये, जब्त किए है। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।