मध्य प्रदेश: कड़ी सुरक्षा के बीच भोजशाला कॉम्प्लेक्स के पास अदा हुई जुमे की नमाज
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : धार जिले में भोजशाला कॉम्प्लेक्स से सटी जमीन के एक हिस्से पर शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज अदा की गई। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए दावा किया कि यह जमीन निजी स्वामित्व वाली है। मुस्लिम समुदाय के लोग भोजशाला कॉम्प्लेक्स की बाउंड्री वॉल से सटी जमीन पर इकट्ठा हुए, जिसकी पहचान खसरा नंबर 612 के तौर पर की गई है। नमाज से पहले, ज़िला प्रशासन ने जमीन को समतल किया, बारिश को देखते हुए तिरपाल बिछाए और इलाके में बैरिकेडिंग की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल और उसके आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था।
इससे पहले दिन में, स्थानीय लोगों का एक समूह घटनास्थल पर इकट्ठा हुआ और वहां नमाज अदा किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने दावा किया कि यह जमीन उनके परिवारों की है और वे बरसों से इस पर खेती कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाएंगे। विरोध-प्रदर्शन के बाद, सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) राजकुमार हलदर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आपत्ति जताने वालों से बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि यह भरोसा मिलने के बाद कि उनकी आपत्तियों पर सुनवाई की जाएगी, प्रदर्शनकारी वहां से हट गए।
हलदार ने कहा कि प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए नमाज के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए थे। उन्होंने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लगभग 150-200 लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की। यह एक अस्थायी इंतजाम था और अंतिम फैसले के अधीन होगा। हमने सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए और सभी सावधानियां बरतीं।
पुलिस अधीक्षक विजय डाबर ने कहा कि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। डाबर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार, उस जगह पर शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की गई। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की दो कंपनियों सहित लगभग 800 से 1,000 जवानों को तैनात किया गया था। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। बाद में मुस्लिम समुदाय के लोग तय जगह पर पहुंचे और जुमे की नमाज अदा की। प्रशासन दिन भर स्थिति पर नजर बनाए रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।