जबलपुर: जिले के गोराबाजार थाना क्षेत्र स्थित तिलहरी स्थित मोहित रेजीडेंसी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि कॉलोनी में रहने वाले चार परिवारों ने गंदगी और भौंकने की समस्या के चलते सात कुत्तों को जहर देकर मार डाला। कुत्ते प्रेमियों ने इस घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता, कुत्ता प्रेमी स्नेहा सिंह ने आरोप लगाया कि होली से एक रात पहले मासूम कुत्ते को जहर देकर मार दिया गया। मृत कुत्तों में कई हाल ही में जन्मे पिल्ले भी शामिल थे, जो केवल दो महीने के थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए कॉलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप में हुई बातचीत का भी उल्लेख किया है।

चैट में कुत्तों को जहर देकर मारने की साजिश पर भी चर्चा हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि अपार्टमेंट में रहने वाले अजीत उइके, राणा खान, अजीत राजपूत और अविनाश जायसवाल ने कुत्तों को जहर देकर मार डाला। इसके अलावा कुत्ता प्रेमी खुशी तिवारी और उसके परिवार को भी शिकायत दर्ज कराने पर धमकी दी जा रही है।

कुत्ते प्रेमियों ने पोस्टमार्टम की मांग की

शिकायतकर्ता महिला और अन्य कुत्ता प्रेमियों ने मांग की है कि पुलिस मृत कुत्तों का पोस्टमार्टम कराए। उनका कहना है कि यह मामला सिर्फ जानवरों के प्रति क्रूरता का नहीं है, बल्कि मानवता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। इस घटना के सामने आने के बाद मोहित रेजीडेंसी और आसपास के इलाकों में रहने वाले कई लोग गुस्से में हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अगर कुत्तों से कोई समस्या थी तो नगर निगम या एनजीओ की मदद ली जा सकती थी, लेकिन इस तरह से उन्हें जहर देकर मारना अमानवीय है।

संवेदनशील मामला, सख्त कार्रवाई अपेक्षित

पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर पुलिस ने संदिग्धों के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में अन्य लोगों ने भी सहयोग किया था।

इसके अलावा, दफनाए गए सभी पिल्लों को निकाला जाएगा और उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। यदि आरोप सिद्ध हो गए तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने जबलपुर में पशु अधिकारों पर नई बहस छेड़ दी है और कुत्ता प्रेमी मांग कर रहे हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून लागू किए जाएं।

Tags: