Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि दो दिन पहले हुए विवाद के बाद कोको फार्म के मालिक और दो अन्य पर हमला करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में आरोपियों ने अपनी एसयूवी दीवार में घुसा दी और घायल हो गए। लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी के अनुसार फार्म के मालिक तुलसी नगर निवासी राहुल हजारी ने पुलिस को बताया कि 3 जून को कोमल शुक्ला नामक व्यक्ति से उसका विवाद हुआ था और उसने उसे फार्महाउस पर आने से मना किया था। अगले दिन दोपहर करीब डेढ़ बजे वह (राहुल) अपने भतीजे राजवर्धन, उसके दोस्त और फार्महाउस के कर्मचारियों के साथ फार्महाउस पर था, तभी कोमल शुक्ला का भाई मोहक शुक्ला उर्फ मोनू अपने साथियों के साथ एसयूवी में वहां पहुंचा और चौकीदार से गेट खुलवाया। बाद में उसने राहुल की लाठियों से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर, आंख, गाल, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसका भतीजा राजवर्धन और बीच-बचाव करने आई एक महिला कर्मचारी भी घायल हो गई। राहुल के बयानों के आधार पर पुलिस ने भादंसं की धारा 109, 115(2), 296, 332बी व 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।