Indore: भाजपा में सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान शुरू हुआ

सक्रिय सदस्य को ही मिलेगा पद और टिकट

Update: 2024-10-17 10:35 GMT

इंदौर: कल से भाजपा ने सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान शुरू कर दिया है। कल प्रधानमंत्री सबसे पहले सक्रिय सदस्य बने और उसके बाद अब वरिष्ठ नेताओं (Senior Leaders) को सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा। भाजपा में सक्रिय सदस्य ही पद पा सकता है और उसे ही चुनाव में टिकट दिया जाता है। आज मंडलों में इसको लेकर कार्यशालाएं रखी गई हैं। सक्रिय सदस्य को 100 रुपए ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा।

इंदौर पूरे देश में सदस्यता अभियान में अव्वल आया है। इसको लेकर वरिष्ठ नेताओं ने इंदौर के संगठन एवं कार्यकर्ताओं को शाबाशी दी है। इंदौर में अब तक 6 लाख 38 हजार 836 सदस्य बन गए हैं और अभी भी लिंक खुली है, ताकि जिन विधानसभाओं ने टारगेट पूरा नहीं किया है वे पूरा कर सकें। इधर पार्टी ने सक्रिय सदस्यता अभियान भी शुरू कर दिया है। कल दीनदयाल भवन पर सक्रिय सदस्य प्रभारी उज्जैन विधायक अनिल जैन ने मंडल समितियों की बैठक ली, जिसमें सभी को मंडल स्तर पर जाकर कार्यशालाएं आयोजित करने के लिए कहा गया है, ताकि सक्रिय सदस्य किस तरह बनाए जाना हैं, इसकी जानकारी दी जा सके। वैसे अभियान के पहले दौर में मंडल समितियां सक्रिय सदस्यों की सूची तैयार करेंगी और भोपाल से डायरी आने के बाद उनके नाम उसमें लिखे जाएंगे तथा उनके द्वारा बनाए गए 100 सदस्यों के नाम और सदस्यता नंबर भी डालना होंगे। बैठक में नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, सदस्यता अभियान प्रभारी सुदर्शन गुप्ता भी मौजूद रहे। सक्रिय सदस्य को 100 रुपए ऑनलाइन जमा करना होंगे और उसके बाद उसे सदस्यता दे दी जाएगी। भाजपा के संविधान के अनुसार जिसे पार्टी में पद पाना हो या फिर चुनाव लडऩा हो, उसे सक्रिय सदस्य होना अनिवार्य है। हालांकि कई मामलों में ऐसा नहीं देखा गया है। फिर भी भाजपा के आंतरिक लोकतंत्र के हिसाब से संगठन का गठन होता है। दूसरी बैठक ग्रामीण क्षेत्र की भी हुई, जिसमें पूरे क्षेत्र से करीब 200 सक्रिय सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया।

Tags:    

Similar News

-->