प्रियंका गांधी के खिलाफ FIR दर्ज

प्रियंका गांधी

Update: 2023-08-13 08:32 GMT

 मध्य प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप वाले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भाजपा ने शनिवार को इंदौर में प्रियंका गांधी और कमलनाथ समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इस मामले में ग्वालियर में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इससे पहले दिन में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस महासचिव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर इंदौर में प्रियंका गांधी वाद्रा, कमलनाथ और अरुण यादव सरीखे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शनिवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने बताया कि शहर के संयोगितागंज पुलिस थाने में ज्ञानेंद्र अवस्थी और अन्य के साथ ही संबंधित ट्विटर हैंडल पर दर्ज नाम के आधार पर प्रियंका गांधी वाद्रा, कमलनाथ और अरुण सुभाष यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि यह प्राथमिकी भाजपा के विधि प्रकोष्ठ की इंदौर इकाई के संयोजक नीमेष पाठक की शिकायत पर भारतीय दंड विधान की धारा 420 (धोखाधड़ी) और धारा 469 (ख्याति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी) के तहत दर्ज की गई है। पाठक का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने के झूठे आरोप वाले भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट साझा कर प्रदेश सरकार और उनकी पार्टी की छवि खराब की।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस संबंधित ट्विटर हैंडल की प्रामाणिकता की जांच कर रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट संबंध में ग्वालियर में एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि भाजपा की जिला कार्यसमिति के सदस्य पंकज पालीवाल की शिकायत पर ग्वालियर पुलिस की अपराध शाखा ने सत्तारूढ़ दल पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाने वाले पत्र के संबंध में ज्ञानेंद्र अवस्थी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी) के तहत अवस्थी और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कहा कि वायरल पत्र में अवस्थी और उनके संगठन लघु एवं मध्यम श्रेणी संविदाकार संघ का नाम बताया गया है, जिसका कार्यालय (पत्र के अनुसार) ग्वालियर के वसंत विहार इलाके में है। शिकायतकर्ता ने कहा कि खोजबीन करने पर उस मोहल्ले में ऐसा कोई व्यक्ति या संस्था नहीं मिली, इसलिए पत्र जाली है। प्रियंका के आरोप को झूठा बताते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता से आरोप का समर्थन करने वाले सबूत मांगे और चेतावनी दी कि राज्य सरकार और भाजपा के सामने कानूनी कार्रवाई के विकल्प खुले हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विपक्षी दल सोशल मीडिया पर ‘‘झूठ’’ फैला रहा है। जबकि, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने दावा किया कि भ्रष्टाचार के हजारों मामले हैं। भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख वी.डी. शर्मा ने आरोप लगाने के लिए सोशल मीडिया पोस्ट में एक फर्जी पत्र का हवाला देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। हालांकि, कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने कहा कि वह साबित करेगी कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्ट है और उसने सत्तारूढ़ दल पर ‘‘राजनीतिक आतंक’’ पैदा करने का भी आरोप लगाया।

प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ट्विटर पर दावा किया कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही भुगतान मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कर्नाटक की भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया अब मध्य प्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटाएगी।’’

इस आरोप का जवाब देते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस बिना किसी मुद्दे के ‘‘घृणित मानसिकता के साथ’’ राजनीति कर रही है। मंत्री ने दावा किया, ‘‘प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने पहले राहुल गांधी से झूठ बुलवाया और अब प्रियंका गांधी से झूठा पोस्ट करवाया। प्रियंका जी, अपने पोस्ट में लगाए गए आरोपों का सबूत दें, अन्यथा हमारे पास (कानूनी) कार्रवाई के लिए सभी विकल्प खुले हैं।’’ उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने वाले उस व्यक्ति या ठेकेदार का नाम बताना चाहिए जिसका जिक्र उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में किया है।

Similar News

-->