जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में कारोबारियों से अवैध वसूली और रंगदारी मांगने के मामले के बीच ओमती थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर की दबंगई सामने आई है। नया मोहल्ला स्थित हुसैन चौक पर चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले बुजुर्ग दुकानदार से आरोपी ने दुकान संचालित करने के एवज में एक लाख रुपये गुंडा टैक्स की मांग की। रकम देने से इनकार करने पर उसने दुकानदार और उनके बेटे के साथ मारपीट की तथा दुकान बंद करा दी। पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, नया मोहल्ला निवासी 64 वर्षीय महफूज रहमान हुसैन चौक पर चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मोहल्ले का रहने वाला माजिद खान उर्फ मूसा पिछले 10 से 15 दिनों से उनकी दुकान पर आ रहा था। आरोप है कि वह बिना पैसे दिए दुकान से चाय-नाश्ते का सामान ले जाता था। इसके साथ ही दुकान चलाने के बदले एक लाख रुपये गुंडा टैक्स देने का दबाव बना रहा था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। रविवार को माजिद खान फिर दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए एक लाख रुपये की मांग करने लगा। महफूज रहमान ने जब उसकी मांग मानने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान आरोपी ने दुकानदार को धमकाते हुए दुकान भी बंद करा दी। पिता के साथ मारपीट होते देखकर उनका बेटा जुनैद खान बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और कार्रवाई करते हुए माजिद खान उर्फ मूसा (43), निवासी नया मोहल्ला, थाना ओमती को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

21 आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार माजिद खान ओमती थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में अवैध वसूली, रंगदारी, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने, जुआ खेलने और खिलाने जैसे अपराध शामिल हैं।

इसके अलावा आरोपी के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने और गांजे की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े मामले भी दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए इस ताजा घटना को गंभीरता से ले रही है।

ओमती थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 624/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 308(5), 296(ए), 351(2) और 119(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम ने की त्वरित कार्रवाई

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक कुंजबिहारी, प्रधान आरक्षक राम सिंह परते, देवेंद्र उपाध्याय, संतोष, रिम बहादुर तथा आरक्षक सुजीत और अनुराग की भूमिका रही।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में छोटे कारोबारियों से कथित रंगदारी वसूली के मामलों को चर्चा में ला दिया है।

Tags: