नहर में गिरी बस, हादसे में दादा-पोते की मौत, 15 से अधिक घायल
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक बस नहर गिर गई। हादसे में दादा-पोते की मौत हो गई, वहीं 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक बस नहर गिर गई। हादसे में दादा-पोते की मौत हो गई, वहीं 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ये सभी आपस में रिश्तेदार हैं। सभी लोग फलदान की रस्म निभाने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार मुरैना के चिन्नौनी थाना क्षेत्र के सिंगरौली गांव के पास फलदान लेकर श्योपुर जा रही एक बस चंबल नहर में अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर चंबल नहर में गिरी। बस ने दो से तीन पलटी खाई और नहर में जाकर सीधे खड़ी हो गई।
हादसे में बस में सवार खांडौली गांव निवासी अभिलाष सिंह सिकरवार उम्र 50 साल व उनके आठ साल के पोते चिराग सिकरवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों ने बताया कि यह फलदान खांडौली के कोक सिंह का पुरा के लाल सिंह सिकरवार के यहां से श्योपुर के लिए जा रहा था। जिसमें बस के जरिए सभी लोग श्योपुर जा रहे थे। इसी बीच यह हादसा हो गया।