Burhanpur: जेल में बंद गौ तस्करों के खिलाफ लगाया NSA

महाराष्ट्र चुनाव के मद्देनजर MP पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Update: 2024-11-01 07:48 GMT

बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में गायों के Illegal transportation में शामिल दो व्यक्तियों के खिलाफ कठोर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाया गया है.

बुरहानपुर पुलिस ने बताया कि मथुरा (उत्तर प्रदेश) निवासी जाहिद कुरैशी और देवास (मध्य प्रदेश) निवासी सैफ अली के खिलाफ संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर मवेशियों के अवैध अंतरराज्यीय परिवहन में बार-बार शामिल होने के आरोप में एनएसए लगाया गया है. अगर पुलिस को लगता है कि वह व्यक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा है, तो यह एक्ट किसी व्यक्ति को महीनों तक निवारक हिरासत में रखने की अनुमति देता है.

पुलिस की ओर से कहा गया है कि सार्वजनिक शांति और पड़ोसी महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर वर्तमान में राज्य के खंडवा शहर की जेल में बंद दोनों पर एनएसए लगाया गया है. बुरहानपुर जिला मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित है.

बताया गया कि 23 अक्टूबर को कुरैशी और अली को बुरहानपुर के गणपति नाका इलाके से 33 मवेशियों को ट्रक में ले जाते समय पकड़ा गया था. कुरैशी पर 2021 और 2022 में इसी अपराध के लिए बुरहानपुर में मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था.

कुरैशी पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कई जगहों पर गायों को अवैध रूप से महाराष्ट्र ले जाने के आरोप में मामला दर्ज हैं. वहीं, अली पर मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में गायों के अवैध परिवहन के छह मामले भी दर्ज हैं.

Tags:    

Similar News