स्लॉटर हाउस के निर्माण पर लगी रोक हटी, अब जुलाई तक पूरा होगा

जीरो वेस्ट मॉडर्न स्लॉटर हाउस

Update: 2024-03-14 07:42 GMT

भोपाल: जिंसी में बन रहा प्रदेश का पहला जीरो वेस्ट मॉर्डन स्लाटर हाउस जुलाई तक बनकर तैयार हो जाएगा। करीब तीन महीने से बंद इसका काम दोबारा शुरू हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने 7 मार्च को हुई सुनवाई के दौरान निर्माण पर लगाई गई रोक हटा दी है। निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से 31 जुलाई तक की समय सीमा तय की है।

स्लाटर हाउस का निर्माण मई 2022 में शुरू हुआ था, जो दिसंबर 2023 में ही पूरा हो जाना था। लेकिन निर्माण स्थल पर 24 मकान और कुछ झुग्गियां बना कर अतिक्रमण किया गया था। इसे हटाने में नगर निगम को समय लगा। ऐसे में निर्माण की समय सीमा बढ़ाकर जुलाई 2024 कर दी गई थी। दिसंबर 2023 में हाईकोर्ट में लगाई गई पीआईएल के चलते काम रुक गया था।

शहर से बाहर करने की योजना नहीं हो पाई साकार: गौरतलब है कि जिंसी में संचालित वर्षों पुराने स्लॉटर हाउस के कारण न सिर्फ गंदगी होती थी, बल्कि असहनीय बदबू भी आती थी। पूरे इलाके में गंदगी का माहौल रहता था। इससे आसपास के कॉलोनियों के लोगों को भी परेशानी होती थी। ऐसे में स्लाटर हाउस को शहर से बाहर करने का निर्णय लिया गया था। लेकिन क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के विरोध के चलते बार-बार स्थान परिवर्तन हुआ और अंत में जिंसी पर ही निर्माण करना तय किया गया।

35 करोड़ है लागत: 35 करोड़ रुपए की लागत वाला यह स्लाटर हाउस पीपीपी मोड पर बनाया जा रहा है। लाइव स्टॉक फूड प्रोसेसर्स कंपनी को इसका जिम्मा दिया गया है। कंपनी यहां वेस्ट मटेरियल रैंडरिंग प्लांट (डब्ल्यूएमआरपी) और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) बना रही है। यहां काटे जाने वाले जानवर का हर तरह का वेस्ट उपयोग में लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News