सोशल मीडिया रील बना बना फंसा युवक

Update: 2026-07-02 16:28 GMT

Bihar: मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लाइसेंसी बंदूक व कारतूस जब्त कर लिए। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के सभा गांव निवासी विवेक सिंह राजपूत के रूप में हुई है। उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जो कुछ ही समय में वायरल हो गया। वीडियो में वह हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में दहशत फैलने की आशंका जताई गई।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। ग्रामीण एसपी के निर्देश पर सकरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। इसके बाद डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक लाइसेंसी बंदूक और कारतूस बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पहले समस्तीपुर में एक लाइसेंसी हथियारधारी व्यक्ति के यहां गार्ड की नौकरी करता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बंदूक के साथ वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर कॉमेडी कंटेंट के रूप में पेश करने की कोशिश की थी। हालांकि, वीडियो में हथियार के प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इसे कानून व्यवस्था के लिए संभावित खतरा माना और कार्रवाई की।

गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने एक और वीडियो जारी कर सफाई देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इसे स्वीकार नहीं किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल आरोपी जेल में है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Tags:    

Similar News