Karnataka कर्नाटक: कर्नाटक के तुमकुर जिले के कुनिगल तालुक में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना होनेनहल्ली के पास उस समय हुई जब एक कार और उर्वरक से भरी लॉरी के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय एक ऑल्टो कार तेज रफ्तार में जा रही थी, तभी वह सामने से आ रही फर्टिलाइजर लदी लॉरी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला।

इस हादसे में मांड्या जिले के कार चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में कुमार नरसिंहस्वामी और उनकी पत्नी केआर गायत्री शामिल हैं। इसके अलावा कार में सवार दो अन्य लोगों की भी जान चली गई। सभी एक ही परिवार से बताए जा रहे हैं, जिससे हादसे का दर्द और भी गहरा हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कुनिगल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार और सड़क पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ होगा, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क पहले भी कई हादसों की गवाह रही है और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां खतरा बना रहता है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags: