Karnataka कर्नाटक : राज्य सरकार राष्ट्रपति भवन और संसद भवन की तरह विधान सौध के लिए भी 'निर्देशित भ्रमण' की व्यवस्था करने की योजना बना रही है और इसे देखने आने वाले पर्यटकों से प्रवेश शुल्क वसूलेगी। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग (डीपीएआर) ने पर्यटन विभाग द्वारा 'निर्देशित भ्रमण' के आयोजन की अनुमति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह व्यवस्था केवल सार्वजनिक अवकाश वाले दिन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक लागू रहेगी। विधान सौध भवन को हाल ही में स्थायी रूप से लाइटों से सजाया गया है। इससे भवन की खूबसूरती बढ़ गई है और पर्यटक विधान सौध को देखने के लिए आ रहे हैं। पर्यटन विभाग ने प्रस्ताव में बताया कि अगर यह व्यवस्था की जाती है तो उम्मीद है कि न केवल घरेलू बल्कि विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में विधान सौध को देखने आएंगे।