Indore : पुलिस ने ₹1 करोड़ की ब्राउन शुगर रखने के आरोप में महिला को किया गिरफ्तार
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : इंदौर शहर में सोमवार को एक 32 वर्षीय महिला को एक करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अपराध निरोधक शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने अहिरखेड़ी इलाके में आरोपी सीमा नाथ के घर से 516 ग्राम प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया।
उन्होंने बताया कि महिला पिछले कई सालों से नशीले पदार्थों का कारोबार कर रही थी। पुलिस ने उसके घर से 48.5 लाख रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है।
त्रिपाठी ने कहा, "मौके से मिले सबूतों से साफ पता चलता है कि महिला तस्कर ने नशीले पदार्थ बेचकर मोटी रकम कमाई है।"