मैसूरु: पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के इस जिले में एक निजी स्लीपर बस और लॉरी की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान कर्नाटक के रहने वाले बस चालक सुनील, कंडक्टर सुनाद और केरल के कोझिकोड निवासी यात्री आफताब के रूप में की गई है। पुलिस ने कहा कि चौथे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
दुर्घटना सुबह करीब 4.30 बजे मैसूरु जिले के पेरियापटना तालुक में हुई, जब बेंगलुरु से कोझिकोड जा रही बस कथित तौर पर विपरीत दिशा से आ रही एक लॉरी से टकरा गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि 31 घायल यात्रियों में से तीन गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।