Bangalore. बेंगलुरु। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बेंगलुरु में आयोजित ‘इन्वेस्टर्स राउंड टेबल’ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) के लिए निवेश आकर्षित करना और टेलीकॉम क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के सामने मध्य प्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं को प्रस्तुत करना रहा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार ने मिलकर टेलीकॉम सेक्टर के लिए यह परियोजना तैयार की है। उन्होंने इसे देश के टेलीकॉम क्षेत्र के लिए अलग तरह का मॉडल बताते हुए कहा कि इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “भारत सरकार और मध्य प्रदेश सरकार ने मिलकर टेलीकॉम सेक्टर में एक प्रोजेक्ट बनाया है। यह देश के टेलीकॉम सेक्टर का एक अलग प्रकार का मॉडल है। रोजगार की दृष्टि से यह टेलीकॉम सेंटर की एक नई लाइन बन रही है। मोहन यादव ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों के निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार उद्योगों के लिए निवेश के अवसर बढ़ाने और नई परियोजनाओं को आकर्षित करने की दिशा में काम कर रही है।
इन्वेस्टर्स राउंड टेबल में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी संभावनाओं पर चर्चा हुई। ग्वालियर में प्रस्तावित जोन के जरिए टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण और उससे जुड़े उद्योगों को एक स्थान पर विकसित करने की योजना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी भी अहम रही। केंद्र और राज्य सरकार इस परियोजना के माध्यम से ग्वालियर को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े निवेश के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही हैं।
Tags: