चक्रधरपुर में ट्रैक मरम्मत, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

Update: 2026-06-30 13:03 GMT

Jharkhand: रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है कि दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में जुलाई से नवंबर तक बड़े पैमाने पर ट्रैक मरम्मत और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य किए जाएंगे। हावड़ा–मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर पुराने पटरियों को बदलने और ट्रैक की मरम्मत के लिए ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके चलते कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होगी।

रेल प्रशासन के अनुसार इस अवधि में हर माह अलग-अलग तिथियों पर कुल 16 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा 2 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस, राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस, हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस, टाटा-इतवारी एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस, हावड़ा-कांटाबांजी एक्सप्रेस और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें जुलाई से नवंबर तक अलग-अलग तिथियों पर निरस्त रहेंगी।

इसके अलावा आरा-दुर्ग एक्सप्रेस और दुर्ग-आरा एक्सप्रेस को राउरकेला में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। वहीं योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह मरम्मत कार्य सुरक्षा और परिचालन दक्षता के लिए बेहद जरूरी है। काम पूरा होने के बाद हावड़ा–मुंबई मुख्य मार्ग पर ट्रेनों की गति बढ़ेगी और ट्रैक पर दबाव कम होगा, जिससे यात्रियों को भविष्य में बेहतर और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सकेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, क्योंकि कई सेवाएं अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेंगी। अचानक रद्द या मार्ग परिवर्तन से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक जानकारी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में रेल परिचालन अस्थायी रूप से बाधित रहेगा, लेकिन लंबे समय में इससे रेल नेटवर्क की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार आने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News