Jharkhand: NEET 2026 परीक्षा को ध्यान में रखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल ने छात्रों के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की है। 21 जून 2026 को राउरकेला और टाटानगर (जमशेदपुर) के बीच एक विशेष एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।
दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के अनुसार यह ‘राउरकेला-टाटा परीक्षा स्पेशल’ ट्रेन 21 जून की सुबह 5:10 बजे राउरकेला स्टेशन से रवाना होगी और सुबह 9:20 बजे टाटानगर पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में आने वाले सभी छोटे-बड़े स्टेशनों और हॉल्ट पर रुकेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
रेलवे का उद्देश्य परीक्षा के दिन होने वाली भीड़ और ट्रेनों में दबाव को कम करना है, ताकि छात्र समय पर और सुरक्षित रूप से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
इसके साथ ही टाटानगर से चलने वाली 4 प्रमुख ट्रेनों में भी अस्थायी रूप से अतिरिक्त जनरल कोच जोड़े गए हैं। इनमें टाटा-इतवारी, इतवारी-टाटा, टाटा-बिलासपुर और बिलासपुर-टाटा एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों में 19 जून से 23 जून 2026 के बीच 2-2 अतिरिक्त सामान्य कोच लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों और छात्रों को अधिक सीटें मिल सकें।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन व्यवस्थाओं से नीट अभ्यर्थियों को यात्रा में राहत मिलेगी और वे बिना तनाव के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।