जमशेदपुर: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की नौवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी हुए दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पूर्वी सिंहभूम जिले के नौ स्कूलों ने अब तक छात्रों की मार्कशीट जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय से प्राप्त नहीं की है। इस लापरवाही को लेकर शिक्षा विभाग में नाराजगी जताई गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, मार्कशीट करीब दो माह पहले ही डीईओ कार्यालय को भेज दी गई थी, लेकिन संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों और प्रबंधन ने इसे लेने में रुचि नहीं दिखाई। इसके कारण विद्यार्थियों को समय पर अंकपत्र नहीं मिल पा रहा है। जिला शिक्षा विभाग ने इस मामले में संबंधित स्कूलों को रिमाइंडर भी जारी किया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी डिफॉल्टर स्कूलों को तत्काल मार्कशीट उठाकर विद्यार्थियों के बीच वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिन स्कूलों ने अब तक मार्कशीट नहीं ली है, उनमें सामुदायिक उच्च विद्यालय बागबेड़ा, उर्दू उच्च विद्यालय टेल्को, उत्क्रमित हिंदी उच्च विद्यालय चापड़ी मुसाबनी, गवर्नमेंट सेकेंडरी हाई स्कूल नारगा, एसएस हाई स्कूल गंडानाटा, गवर्नमेंट सेकेंडरी हाई स्कूल पालीडीह, राजकीय उच्च विद्यालय पीपला, मॉडल स्कूल पटमदा और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पटमदा शामिल हैं।
इसी बीच जैक ने लंबित इंटर की मार्कशीट प्रक्रिया भी तेज कर दी है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मार्कशीट को विशेष व्यवस्था के तहत इलाहाबाद से हवाई मार्ग द्वारा रांची लाया गया है और जिलावार पैकेट तैयार कर जल्द वितरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।