Ranchi रांची : सब-इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस पदाधिकारी पर यौन शोषण का आरोप लगा है. इसको लेकर रांची में मामला दर्ज किया गया है. पलामू की एक युवती ने सिमडेगा वायरलेस कार्यालय में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है. युवती की शिकायत के बाद रांची के महिला थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
थाने में दिये गये आवेदन में युवती ने बताया है कि वह मूल रूप से पलामू जिले की निवासी है और फिलहाल पढ़ाई के लिए रांची के एक हॉस्टल में रह रही है. रांची में रहने के दौरान, इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी दोस्ती झारखंड पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर से हुई, जो सिमडेगा वायरलेस कार्यालय में कार्यरत है. यह जान-पहचान धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. दोनों की मुलाकातें होने लगीं और इसी क्रम में सब-इंस्पेक्टर उसे रांची के पुंदाग स्थित अपने आवास पर ले जाने लगा. पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उनके बीच कई बार शारीरिक संबंध बने. सब-इंस्पेक्टर लगातार उससे शादी करने का वादा करता रहा और इसी बहाने शारीरिक संबंध बनाता रहा.