रांची: रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) की करीब 9.65 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में लकी कंस्ट्रक्शन के संचालक और बिल्डर शुभम साबू को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें रविवार सुबह नेशनल गली स्थित उनके आवास से हिरासत में लेकर ACB मुख्यालय लाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं की गई है।
यह पूरा मामला रांची के मोरहाबादी और कोकर मौजा की जमीन से जुड़ा है, जहां कुल 9.65 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप है। जांच में सामने आया है कि इस जमीन की बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक है। आरोप है कि इस जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जे में लिया गया और एक संगठित भू-माफिया सिंडिकेट ने इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस जमीन पर नियमों को ताक पर रखकर एक आलीशान अपार्टमेंट का निर्माण भी कराया गया। इसमें करीब 14 करोड़ रुपये के निवेश की बात सामने आई है। अब ACB इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध निर्माण और जमीन कब्जे से कितनी काली कमाई हुई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
इस मामले में एक और बड़ा नाम प्रमोद महतो का सामने आया है, जिसे इस घोटाले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। आरोप है कि उन्होंने जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने नाम कराई थी। फिलहाल वह फरार हैं और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। उन्होंने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका भी दाखिल की है।
ACB की इस कार्रवाई से रांची में जमीन घोटाले को लेकर हलचल तेज हो गई है और जांच आगे बढ़ने पर कई और बड़े नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।