प्रिंसिपल ने दिखाई इंसानियत, प्रीति को अपनाया

Update: 2026-06-23 11:57 GMT

Jharkhand: चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड स्थित सिमरिया इंटर कॉलेज ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए अनाथ और असहाय छात्रा प्रीति कुमारी को गोद लेकर उसकी शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया है. कॉलेज प्रबंधन ने छात्रा को अगले दो वर्षों तक इंटरमीडिएट की पढ़ाई निःशुल्क कराने की घोषणा की है. साथ ही उसे सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं, किताबें और पोशाक भी उपलब्ध कराई गई हैं.

प्रीति कुमारी बेलगड्डा गांव की रहने वाली है. उसके पिता का निधन हो चुका है और माता-पिता दोनों के गुजर जाने के बाद वह पूरी तरह बेसहारा हो गई थी. आर्थिक तंगी के कारण उसकी आगे की पढ़ाई रुकने की स्थिति बन गई थी. उसके दादा ने किसी तरह मेहनत करके उसे दसवीं तक पढ़ाया, लेकिन आगे की पढ़ाई को लेकर संसाधनों की कमी बड़ी समस्या बन गई थी.

कॉलेज के प्राचार्य जगदीश राणा ने बताया कि प्रीति स्वयं कॉलेज पहुंची थी और अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी थी. उसने आगे पढ़ने की इच्छा जताई, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण असमंजस में थी. उसकी लगन और शिक्षा के प्रति रुचि को देखते हुए कॉलेज परिवार ने उसे गोद लेने का निर्णय लिया.

निर्णय के तहत कॉलेज ने न केवल उसकी पढ़ाई मुफ्त करने का वादा किया है, बल्कि उसे निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग देने की भी बात कही है. मंगलवार को कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रीति को पुस्तकें और यूनिफॉर्म भी प्रदान की गई.

शिक्षकों ने भी इस पहल में पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया है. प्राचार्य ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और किसी भी प्रतिभाशाली छात्र को आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसी सोच के तहत यह कदम उठाया गया है.

कॉलेज की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है, क्योंकि यह न केवल एक छात्रा को नई दिशा दे रही है बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दे रही है.

Tags:    

Similar News