पिकअप वैन के चालक को गोली मार दी

रंगदारी नहीं देने पर

Update: 2023-08-14 04:50 GMT

जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के पारडीह चौक के पास कोलकाता से हजारीबाग जा रही बोलेरो पिकअप वैन के चालक सुधाकर चौधरी को रंगदारी नहीं देने पर गोली मार दी गई। एक गोली चालक सुधाकर चौधरी के दाएं हथेली में लगी और दूसरी गोली मिस फायर हो गई। घटना के बाद चालक ने भागकर जान बचाई और सूचना आजादनगर थाना की पुलिस को दी। आजादनगर पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पहुंची और गोली मारने वाले आरोपी संतोष गुप्ता को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। घटना शनिवार की देर रात करीब 1.30 बजे की है।

चालक रांची के बेड़ो का रहने वाला है और वह कोलकाता से पौधा लेकर पिकअप वैन से हजारीबाग जा रहा था। पुलिस ने घायल का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया। पुलिस को छानबीन में पता चला कि आरोपी संतोष गुप्ता हत्या, रंगदारी व फायरिंग जैसे संगीन अपराध में चार्ज शीटर है। वह एनएच-33 मारुति शो रूम के बगल में फ्लैट में रहता है। पुलिस जांच में बात सामने आई है कि संतोष गुप्ता पारडीह से गुजरने वाले वाहनों को रोककर पिछले कुछ दिनों से रंगदारी मांगता था।

Tags:    

Similar News