Medininagar मेदिनीनगर : पलामू जिले में शनिवार की शाम गरज के साथ बारिश शुरू हुई. इसी दौरान अचानक ठनाक (आकाशीय बिजली) गिरने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गया. उसकी हालत गंभीर है. घटना बिश्रामपुर व पांडू प्रखंड की सीमा से सटे रजखाड़ गांव की है. जानकारी के अनुसार, महजिद मियां अपने घर के पास पेड़ के नीचे बैठे थे, तभी अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई. उसकी की चपेट में आने से महजिद मियां गंभीर रूप से झुलस गए.
ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया. अस्पताल परिसर में परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. परिजनों ने प्रशासन से मुआवजा व महजिद मियां के समुचित इलाज की मांग की है.