किरीबुरू (पश्चिमी सिंहभूम)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू क्षेत्र में जंगली हाथी की लगातार आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। हाथी के शहरी और खदान क्षेत्र तक पहुंचने की घटनाओं के बाद वन विभाग ने अब ड्रोन के जरिए निगरानी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 29 जून की रात जंगली हाथी अचानक सड़क पार कर सेल की मेघाहातुबुरु खदान के मैकेनिकल शॉवेल सेक्शन में घुस गया। रात करीब 11 बजे हाथी के पहुंचते ही वहां काम कर रहे कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी कर्मचारी सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी काफी देर तक खदान क्षेत्र में घूमता रहा और बाद में जंगल की ओर लौट गया। इसके बाद 30 जून की सुबह करीब 5:30 बजे स्थानीय लोगों ने उसी हाथी को पुराने मैगजीन घर के पास फिर देखा। लगातार मूवमेंट की सूचना मिलने के बाद वन विभाग को तत्काल जानकारी दी गई।
वन विभाग के अनुसार, हाथी की सही लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन ऑपरेटर को तैनात किया गया है। ड्रोन की मदद से हाथी की निगरानी की जा रही है ताकि उसे सुरक्षित तरीके से घने जंगल की ओर वापस भेजा जा सके। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी के करीब न जाएं और उसे किसी भी तरह से परेशान न करें। विभाग का कहना है कि ऐसा करने पर हाथी आक्रामक हो सकता है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है क्योंकि यह इलाका रोजाना आवाजाही वाला मार्ग है और यहां सेल के कर्मचारी व आम नागरिक नियमित रूप से गुजरते हैं। वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और रेस्क्यू प्लान पर काम कर रहा है।