NCCF ने दिया स्वच्छ पर्यावरण का संदेश

Update: 2026-07-03 11:11 GMT

Jharkhand: राष्ट्रीय सहकारी सप्ताह के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) की ओर से शुक्रवार को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य एवं प्रकृति के बीच संबंध को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में रिम्स के निदेशक डॉ डीके सिन्हा, एकेडमिक डीन डॉ लखन मांझी, वेलफेयर डीन डॉ श्योप्रिया, डिप्टी डायरेक्टर सुरेंद्र कुमार गोपे, अकाउंट्स ऑफिसर सविता जरीका, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ एसके त्रिपाठी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ राजेंद्र और डॉ शीशिर सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और एमबीबीएस छात्र शामिल हुए। NCCF के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में परिसर में औषधीय और सजावटी पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर NCCF के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार ने कहा कि सहकारिता के पांच वर्ष पूरे होना संगठन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी सप्ताह के दौरान रिम्स जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान में डॉक्टरों और छात्रों के साथ मिलकर पौधरोपण करना ‘सबका साथ और सामूहिक कल्याण’ की भावना को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

रिम्स के डीन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में औषधीय पौधों का होना न केवल हरित वातावरण को बढ़ावा देता है, बल्कि स्वास्थ्य और पारंपरिक चिकित्सा सोच को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में NCCF प्रतिनिधियों ने रिम्स प्रशासन और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। सभी डॉक्टरों, अधिकारियों और छात्रों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। यह अभियान पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News